पद की गरिमा भुलाकर तृणमूल कांग्रेस सांसदों को तोड़ने की साजिश रच रहे हैं अमित शाह : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 16 जून (वार्ता) कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तृणमूल कांग्रेस के सांसदों को तोड़ने और उनका एक अपेक्षाकृत अपरिचित राजनीतिक दल के साथ विलय कराने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह उस पद की गरिमा का ख्याल नहीं रख रहे हैं, जिस पर कभी सरदार वल्लभभाई पटेल आसीन रहे थे।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक बयान में कहा कि श्री शाह उस गरिमामय पद पर आसीन हैं जिसे कभी सरदार पटेल ने सुशोभित किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री शाह भारतीय लोकतंत्र को नए निचले स्तर पर पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि श्री शाह 20 तृणमूल कांग्रेस सांसदों को तोड़कर उनका विलय ‘नेशनलिस्ट सिटिज़न्स पार्टी ऑफ इंडिया’ नामक एक ऐसी राजनीतिक इकाई के साथ कराने की साजिश रच रहे हैं, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। उनका दावा है कि यह पार्टी पंजीकृत तो है, लेकिन मान्यता प्राप्त नहीं है और इसका गठन केवल तीन वर्ष पहले हुआ था।

श्री रमेश ने कहा कि यह कदम लोकसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए दो-तिहाई बहुमत तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि तेलुगू देशम पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) जैसे लंबे समय से स्थापित सहयोगी दलों को भी इस प्रकार के कथित गुप्त हथकंडों तथा अपनी राजनीतिक हैसियत कम किए जाने का विरोध करना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जब तक श्री शाह गृह मंत्री के पद पर बने रहेंगे, तब तक शालीनता, मर्यादा और संवैधानिक मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा लगातार कमजोर होती रहेगी। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को उस पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए, जिसे कभी सरदार वल्लभभाई पटेल ने सुशोभित किया था।

 

 

Next Post

भोजपुर जिले के उदवंतनगर में 32 एकड़ में बनेगा इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क, मत्स्य उत्पादन और इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा : सम्राट चौधरी

Mon Jun 15 , 2026
पटना, 15 जून (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड की नवादाबेन पंचायत स्थित वाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में 31.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का शिलान्यास किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने एक्वा पार्क की रूपरेखा और […]

You May Like