भोजपुर जिले के उदवंतनगर में 32 एकड़ में बनेगा इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क, मत्स्य उत्पादन और इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा : सम्राट चौधरी

पटना, 15 जून (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड की नवादाबेन पंचायत स्थित वाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में 31.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का शिलान्यास किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने एक्वा पार्क की रूपरेखा और प्रस्तावित संरचनाओं की जानकारी दी। परियोजना के तहत कार्प हैचरी, स्ट्रिप्ड कैटफिश हैचरी, हैचरिंग एवं इन्क्यूबेशन यूनिट, बायो फ्लॉक इकाइयां, आरएएस प्रणाली, फीड मिल, विभिन्न प्रकार के तालाब, प्रयोगशालाएं, प्रशिक्षण केंद्र, छात्रावास, प्रशासनिक भवन और क्वारंटाइन टैंक सहित कई अत्याधुनिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को धरातल पर उतारने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन बिहार की समृद्धि का प्रमुख आधार हैं। बिहार में मत्स्य उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और राज्य में मछली उत्पादन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि वाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र की 32 एकड़ भूमि पर मत्स्य पालन के साथ-साथ इको-टूरिज्म को भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक्वा पार्क से मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि होगी, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनेर से बक्सर तक महर्षि विश्वामित्र के नाम पर मरीन ड्राइव की तर्ज पर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोन नदी के जल बंटवारे को लेकर हुए समझौते के बाद बिहार को अधिक पानी मिलेगा, जिससे सिंचाई और विकास कार्यों को बल मिलेगा।

श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना लागू की है तथा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर सोलर पैनल लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। बिहार देश में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराने वाला राज्य बन चुका है।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सहयोग शिविर कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हर माह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। निर्धारित समयसीमा में आवेदन का निपटारा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

श्री चौधरी ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का जिक्र करते कहा कि बिहार के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय के पुनरुद्धार के बाद अब विक्रमशिला विश्वविद्यालय को भी पुनर्स्थापित किया जाएगा। बाबू वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भोजपुर की धरती शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पंचायती राज और मत्स्य पालन पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, श्रम संसाधन एवं प्रवासी अमिक कल्याण मंत्री सह भोजपुर जिला के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री श्री संजय सिंह टाइगर, सांसद सुदामा प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

Next Post

कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

Mon Jun 15 , 2026
नैनीताल, 15 जून (वार्ता) उत्तराखंड के नैनीताल में स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस के मौके पर सोमवार को आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करौरी महाराज के दर्शन किए। दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम […]

You May Like