
इंदौर. लोकायुक्त टीम ने शुक्रवार को गौतमपुरा स्थित सेवा सहकारी संस्था में ट्रैप कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. आरोपी किसान से केसीसी लोन रिन्यू करने के एवज में रिश्वत मांग रहे थे.
लोकायुक्त पुलिस की अधिकृत जानकारी के अनुसार ग्राम कुनघारा, तहसील देपालपुर निवासी किसान जाकिर हुसैन पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने वर्ष 2024 में केसीसी के तहत 2 लाख रुपए का लोन लिया था, जिसे 2025 में बिना ब्याज जमा करना था, लेकिन वह राशि जमा नहीं कर पाया. वर्ष 2026 में लोन रिन्यू कराने के लिए उसे 2.30 लाख रुपए जमा करने थे, जिसमें 30 हजार रुपए ब्याज शामिल था. आरोप है कि सेवा सहकारी संस्था मर्यादित अत्याना, गौतमपुरा में पदस्थ कम्प्यूटर ऑपरेटर/प्रभारी प्रबंधक अमन जोशी और सहायक प्रबंधक रमेशचंद्र पंड्या ने लोन रिन्यू करने के नाम पर 20 हजार रुपए अतिरिक्त रिश्वत की मांग की. शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद 12 जून को ट्रैप दल गठित कर कार्रवाई की गई. टीम ने गौतमपुरा स्थित संस्था कार्यालय में दोनों आरोपियों को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. कार्यवाहक निरीक्षक प्रतिभा तोमर ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
