जबलपुर: सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से चालानी कार्यवाही लगातार जारी है। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट न लगाने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 74 चालान किए गए। इनमें से 35 चालान कलेक्ट्रेट आने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध किए गए।
इसी प्रकार थाना प्रभारी यातायात घमापुर इंद्रा ठाकुर एवं उनकी टीम द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने चेकिंग कर 110 चालान किए गए, जिनमें से 8 चालान पुलिस स्टाफ के थे। अभियान के तहत अन्य प्रमुख स्थलों जैसे कैरब्ज तिराहा, वेस्टलैंड खमरिया, ग्लोबल कॉलेज के सामने आदि स्थानों पर भी वाहनों की जांच कर कुल 184 चालान किए गए।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान 64,100 रुपए समन शुल्क वसूल किया गया। यह कार्यवाही कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात मालवीय चौक निरीक्षक शिवदयाल सनोडिया व उनकी टीम द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने वाहन की गई।
