अडानी एंटरप्राइजेज का कार्बन कैप्चर को फॉर्मिक एसिड में बदलने के लिए फ्रांस की कंपनी से करार

अहमदाबाद, 10 जुलाई (वार्ता) अडानी समूह की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और रासायनिक विनिर्माण में विशेषज्ञता रखने वाली फ्रांस की स्वच्छ-प्रौद्योगिकी कंपनी डायॉक्सीकल ने शुक्रवार को कार्बन उत्सर्जन न्यूनतम करते हुए रसायनों के उत्पादन के लिए दीर्घकालिक साझेदारी की घोषणा की। इस पहल की शुरुआत अडानी समूह की एक साइट पर स्थापित किये जाने वाले पायलट संयंत्र से होगी। इस संयंत्र में कैप्चर किये गये कार्बन डाइऑक्साइड और नवीकरणीय बिजली का उपयोग करके फॉर्मिक एसिड का उत्पादन किया जायेगा।

यदि यह परीक्षण सफल रहा और इस्तेमाल की गयी तकनीक का सत्यापन हो गया तो दोनों कंपनियां वाणिज्यिक स्तर पर इसके विस्तार करेंगी। फॉर्मिक एसिड और इसके निर्माण में बने सह-उत्पादों का व्यापक उपयोग वस्त्र, कृषि और विनिर्माण सहित कई उद्योगों में किया जाता है। अडानी एंटरप्राइजेज ने बताया कि इस साझेदारी का उद्देश्य डायॉक्सीकल की विद्युत-आधारित रासायनिक विनिर्माण तकनीक को अडानी समूह की स्वच्छ ऊर्जा क्षमताओं, अवसंरचना मंच और परियोजना निष्पादन विशेषज्ञता के साथ जोड़कर टिकाऊ और लागत-प्रतिस्पर्धी रासायनिक उत्पादन का एक नया मॉडल विकसित करना है।

अडानी समूह के निदेशक जीत अडानी ने कहा, “हमें देश की पहली ऐसी फॉर्मिक एसिड उत्पादन सुविधा का पायलट शुरू करने पर गर्व है, जो पूरी तरह नवीकरणीय बिजली और कैप्चर किये गये कार्बन से संचालित होगी। डायॉक्सीकल के साथ यह साझेदारी इस बात का प्रमाण है कि रणनीतिक औद्योगिक सहयोग किस प्रकार कार्बन जैसी चुनौती को टिकाऊ, किफायती और आर्थिक रूप से मूल्यवान परिसंपत्ति में बदल सकता है।” डायॉक्सीकल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सह-संस्थापक डॉ. सारा लामैज़ों ने कहा, “यह साझेदारी दर्शाती है कि स्वच्छ प्रौद्योगिकी और औद्योगिक स्तर की क्षमताएं मिलकर आवश्यक रसायनों के उत्पादन के तरीके को कैसे बदल सकती हैं।

भारत नवीकरणीय ऊर्जा, विनिर्माण क्षमता और महत्वाकांक्षा का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करता है। अडानी के साथ मिलकर हमारा उद्देश्य कार्बन उत्सर्जन कम करते हुए रासायनिक उत्पादन का एक प्रतिस्पर्धी और विस्तार योग्य मॉडल विकसित करना है।” अडानी एंटरप्राइजेज के अनुसार, दोनों साझेदार भविष्य में इस परियोजना से आगे ऊर्जा, सामग्री, पैकेजिंग और विनिर्माण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग होने वाले रसायनों का एक व्यापक पोर्टफोलियो विकसित करने के अवसरों का भी पता लगाएंगे। इन क्षेत्रों में से कई अभी भी जीवाश्म-आधारित कच्चे माल (फीडस्टॉक) पर निर्भर हैं और उत्सर्जन कम करने के बढ़ते दबाव का सामना कर रहे हैं।

.....

Next Post

कल्पना पटवारी का नया भोजपुरी गीत 'नवाब राजा' रिलीज़

Fri Jul 10 , 2026
मुंबई, 10 जुलाई (वार्ता) लोकप्रिय गायिका कल्पना पटवारी का नया भोजपुरी गीत ‘नवाब राजा’ रिलीज़ हो गया है। सुर म्यूजिक के बैनर तले जारी इस गीत में कल्पना पटवारी के साथ गायक विक्की राजा वीरा ने भी अपनी आवाज़ दी है। वहीं, म्यूजिक वीडियो में आयसा खान की ग्लैमरस मौजूदगी […]

You May Like