नयी दिल्ली, 12 जून (वार्ता) कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर में पार्टी में अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों से जुड़ी सूचनाओं की जांच पड़ताल के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने समिति के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है और समिति को तत्काल प्रभाव से अपना काम शुरू करने के लिए कहा है।
श्री वेणुगोपाल के अनुसार समिति में गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल को समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति में इसके अलावा डॉ. अमर सिंह और रफीक खान को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। पार्टी के अनुसार यह समिति जम्मू-कश्मीर में सामने आई अनुशासनहीनता तथा कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के मामलों की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट नेतृत्व को सौंपेगी। समिति का गठन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

