
सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा एवं पुराने ट्रैफिक तिराहे पर अलग-अलग टीमों ने औचक चेकिंग कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान करीब 43 वाहनों की जांच की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए बताया कि शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने से मानसिक संतुलन प्रभावित होता है और वाहन पर नियंत्रण कम हो जाता है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। चेकिंग के दौरान 5 ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने सभी वाहनों को जप्त कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय द्वारा इन 5 मामलों में कुल 55 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
