जीवाजी क्लब में सांसद ने युवाओं से किया संवाद

ग्वालियर। जीवाजी क्लब में सोमवार को आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश के विकास, सुशासन और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए बेमिसाल रहे हैं।

सांसद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने हर वर्ग को प्राथमिकता दी है, लेकिन विशेष रूप से युवाओं पर फोकस किया है क्योंकि युवा ही देश का भविष्य और सबसे बड़ी ताकत हैं। युवा शिक्षा, खेल, उद्यमिता और विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनें। जब युवा आत्मनिर्भर होगा तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार युवाओं के लिए लगातार नई योजनाएं और अवसर उपलब्ध करा रही है, जिससे युवा रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। देश को और अधिक मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और यही युवा भविष्य में देश की दिशा और दशा तय करेंगे।

सांसद ने युवाओं को खेलों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के बिना राष्ट्र निर्माण संभव नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को बढ़ावा देने का जो कार्य किया है, उसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवा नेतृत्व करेगा तो देश तेजी से प्रगति करेगा और हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

संवाद कार्यक्रम के दौरान देशभर में सामने आए पेपर लीक मामलों को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि जहां भी किसी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता हुई है, उसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न न हो जिससे युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़े। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में युवाओं ने भी अपने विचार रखे और सांसद से विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

 

 

कार्यक्रम के दौरान सांसद भरत सिंह कुशवाहा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जीवाजी क्लब परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पेड़ लगाना अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक व्यक्ति को प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर पौधारोपण करना चाहिए।

 

युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से सांसद ने जीवाजी क्लब में पिकबॉल खेल में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवन का आधार हैं। युवाओं को नियमित रूप से किसी न किसी खेल गतिविधि से अवश्य जुड़ना चाहिए।

 

युवाओं ने क्या कहा

 

सांसद ने जिस तरह युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताया, उससे हम सभी युवाओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने खेल, शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का जो संदेश दिया, वह हम जैसे युवाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला भी बने ।

– पंकज एशवार , छात्र

 

युवा संवाद कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और युवाओं को नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए तैयार रहना चाहिए। खेलों के महत्व पर उनके विचार बेहद प्रेरणादायक थे। उन्होंने बताया कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ सोच से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण होता है।

– राहुल जारोलिया , छात्र

Next Post

ईरान ने इजरायल के खिलाफ सैन्य अभियान रोकने की घोषणा की

Mon Jun 8 , 2026
तेहरान, 08 जून (वार्ता) ईरान ने सोमवार को इजरायल के खिलाफ अपने सैन्य अभियानों को रोकने की घोषणा की । ईरानी सेना के संयुक्त मुख्यालय खातम अल-अंबिया के बयान में कहा गया, “ईरानी सेना ने दक्षिणी लेबनान और दहियाह क्षेत्र में इजरायल के अत्याचारों और शरारतों का करारा जवाब दिया […]

You May Like