
भोपाल। अमन कालोनी ईरानी डेरे में कई आपराधिक गैंग सक्रिय हैं. जानकारी सामने आई है कि डेरे में करीब 6 आपराधिक गैंग हैं और इन सभी गैंग के मुखिया ही गुर्गों को अपराध के लिए उकसाते हैं. सरगना राजू ईरानी को ही सभी गैंग के मुखिया और गुर्गे अपना आका मानते हैं, राजू अब तक फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
ईरानी डेरे में चल रही पुलिस जांच में अब तक 6 गैंग के सक्रिय होने की सूचना आई है. बताया जा रहा है कि डेरे में सक्रिय प्रत्येक गैंग में दर्जनभर से अधिक गुर्गे काम करते हैं. सभी गैंग के मुख्य धंधे चोरी, ठगी, नकली सोना खपाना, लूट और प्रॉपर्टी पर कब्जा करना भी शामिल है.
भोपाल पुलिस की हाल में की गई छापेमार कार्रवाई के दौरान ईरानी डेरे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप, सीपीयू , पैनड्राइव सहित सामान जब्त किए गए हैं. ईरानी डेरे के बदमाश देशभर में अपराध करने के लिए कुख्यात हैं. इसमें ताजा मामला बांदा जिले का है. पुलिस की दबिश में यहां मिले मोबाइल फोन को लेकर यह भी आशंका जताई जा रही है कि चोरी के मोबाइल का सिक्योरिटी लॉक तोड़ने का काम भी गैंग के कुछ गुर्गे ही करते हैं. पूरे मामले में पुलिस जांच भी चल रही है.
