
सिंगरौली । सासन चौकी पुलिस ने बारात में हुए विवाद के दौरान मारपीट कर युवक की हत्या करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभ में मारपीट का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो जाने पर प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को ग्राम हर्रहवा में आयोजित एक बारात के दौरान विवाद हो रहा था। इसी दौरान सुरेश यादव उम्र 18 वर्ष पिता रामदास यादव निवासी सरईझर ने विवाद कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि रामरसीले सिंह गोंड़ उम्र 23 वर्ष, रामनरेश सिंह पिता महेन्द्र सिंह गोड़ उम्र 27 वर्ष तथा रामपाल सिंह गोंड़ पिता छोटे सिंह उम्र 33 वर्ष सभी निवासी हर्रहवा करकोटा चौकी सासन ने सुरेश यादव पर लकड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के संबंध में मृतक के चचेरे भाई महेश यादव की रिपोर्ट पर थाना बैढ़न में अपराध दर्ज कराया गया। घायल सुरेश यादव का उपचार जबलपुर में चल रहा था, जहां 6 जून को उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में धारा 103(1)बीएनएस (हत्या) सहित अन्य धाराएं जोड़ते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, उनि विजय अग्निहोत्री, लेखचंद्र डोहर, प्रआर सुमत कोल, मो. कौसर, हेमराज पटेल, बलराज सिंह, लल्लू सिंह, संतोष साकेत, अनिल नवैत, देवेंद्र सिंह, आर प्रवीण तिवारी, राहुल सिंह, जितेंद्र सिंह, विकास तिवारी, मुकेश पटेल, सहजानंद, फतेह बहादुर सिंह एवं राजकुमार शाक्य की सराहनीय भूमिका रही।
