बड़वानी पुलिस की तैयारियां तेज सिंहस्थ महापर्व 2028 को लेकर विशेष प्रशिक्षण शिविर के द्वितीय सत्र का हुआ शुभारंभ

बड़वानी। उज्जैन की पावन नगरी में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक सिंहस्थ महापर्व को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बड़वानी पुलिस द्वारा विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 8 जून को 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के द्वितीय सत्र का शुभारंभ किया गया।

यह प्रशिक्षण एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में हो रहा है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सिंहस्थ के दौरान भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं से बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए सॉफ्ट स्किल्स का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने सिंहस्थ महापर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिंहस्थ एक अत्यंत विशाल और ऐतिहासिक सांस्कृतिक पर्व है। जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु व संत-महात्मा शामिल होते हैं। भौगोलिक दृष्टिकोण से महाराष्ट्र और दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़वानी जिला मुख्य प्रवेश मार्ग साबित होगा। इसलिए यहां से गुजरने वाले यात्रियों की सहायता, सुगम यातायात प्रबंधन और आवासीय व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए पुलिस बल को उन्नत स्तर पर तैयार किया जा रहा है।

इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता इसका ट्रेनिंग ऑफ द ट्रेनर्स मॉडल है। इसके तहत जिले के शतप्रतिशत पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा है। द्वितीय सत्र में चुने गए अधिकारी और कर्मचारी प्रशिक्षण ले रहे हैं, जो मास्टर ट्रेनर के रूप में अन्य पुलिसकर्मियों को तैयार करेंगे। इसके लिए विभाग द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण कैलेंडर और दिशा-निर्देश तैयार किए जा चुके हैं।

 

वरिष्ठ अधिकारियों ने दिया मार्गदर्शन

 

शुभारंभ पर एएसपी धीरज बब्बर, डीएसपी अजाक श्रीमती निलेश्वरी डावर, सूबेदार अलका वास्केल सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और प्रशिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए सेवाभाव, सजगता और सहनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रेरित किया।

Next Post

सुबह बरसे मेघ, दिनभर धूप-बादलों की चली लुकाछिपी

Mon Jun 8 , 2026
जबलपुर। मानसून की आहट के बीच सोमवार को सुबह से मौसम का मिजाज बदला रहा। मौसम के कई रंग देखने को मिले। सुबह की शुरुआत तेज उमस और गर्मी के साथ हुई थी, जिससे लोग बेहाल थे। लेकिन सुबह ठीक 11 बजे के बाद अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह […]

You May Like