
जबलपुर। मानसून की आहट के बीच सोमवार को सुबह से मौसम का मिजाज बदला रहा। मौसम के कई रंग देखने को मिले। सुबह की शुरुआत तेज उमस और गर्मी के साथ हुई थी, जिससे लोग बेहाल थे। लेकिन सुबह ठीक 11 बजे के बाद अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल दिया और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश की फुहारों ने लोगों को भीषण गर्मी से फौरी राहत दी। हालांकि, यह राहत ज्यादा देर नहीं टिकी और कुछ ही देर में बादल छंट गए और तेज धूप निकल आई। दिनभर कभी कडक़ती धूप तो कभी बादलों की छांव ने लोगों को हैरान किया। शाम होते-होते मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। तेज और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई।
40 डिग्री पार रहा पारा
सोमवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा । न्यूनतम तापमान 29 डिग्री पर पहुंंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 56 और शाम को 44 प्रतिशत दर्ज की गई। पश्चिमी हवाएं 5 से 6 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली ।
