नयी दिल्ली, 08 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में भारत में हुए परिवर्तन के केंद्र में गरीबों और वंचितों का कल्याण रहा है तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं ने गरीब कल्याण को मानव सशक्तीकरण के व्यापक अभियान में बदल दिया है।
श्री मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उनकी सरकार अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित होकर काम कर रही है और उसका प्रयास यह सुनिश्चित करना रहा है कि विकास का लाभ उन लोगों तक पहुंचे जो दशकों से उपेक्षित रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन धन खाते, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उद्देश्य लोगों को गरिमा और अवसर प्रदान करना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी ने गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डीबीटी और डिजिटल मंचों के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे और पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच रही है, जिससे गड़बड़ियों में कमी आई है। इससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ी है और शासन व्यवस्था में जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण की यह पहल अब विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक सामूहिक आंदोलन का रूप ले चुकी है।
इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने कहा “गरीब कल्याण मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले 12 वर्षों में अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, मुद्रा ऋण और प्रधानमंत्री स्वनिधि जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय सुरक्षा तथा स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा गया है। बुनियादी सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराकर गरीबों को आर्थिक मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है तथा इसी आधार पर विकसित भारत की मजबूत नींव रखी जा रही है।”
