
सीधी। जिलेभर में विशेष साप्ताहिक कॉम्बिंग गश्त अभियान दिनांक 21-22 जून 2026 की दरम्यानी रात्रि चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में दबिश देकर 11 स्थाई वारंट एवं 26 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए तथा कुल 37 फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान 32 गुंडा बदमाश एवं 24 निगरानी बदमाशों की सघन चेकिंग की गई। सभी को कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार की शांति भंग करने वाली गतिविधियों में शामिल न होने की सख्त चेतावनी दी गई। सीधी पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से नियमित रूप से विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया जाता है। अभियान के तहत हत्या, लूट, डकैती, मारपीट, आबकारी तथा अन्य गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की तलाश कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाती है। सीधी पुलिस का अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर की जाती रहेगी।
