पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमतों पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा, कीमत वापस लेने की मांग

नयी दिल्ली, 20 मार्च (वार्ता) वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा में उप नेता प्रमोद तिवारी ने प्रीमियम पेट्रोल के 2.35 रुपये प्रति लीटर तक महंगा होने पर सरकार की आलोचना करते हुए उस पर मुनाफा कमाने का आरोप लगाया है। श्री तिवारी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए शुक्रवार को की गयी पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि को मुनाफाखोरी और अवसरवादिता करार दिया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 110 से 120 डालर के बीच होने के बावजूद सरकार की ओर से प्रीमियम पेट्रोल पर प्रति लीटर दो रूपए से ज्यादा की बढ़ोतरी करना जनता के साथ अन्याय है।

श्री तिवारी ने सवाल उठाया कि अगर यही काम कोई डीलर करता तो उसे मुनाफाखोर और अवसरवादी कहा जाता लेकिन केंद्र सरकार ने जानबूझकर मुनाफाखोरी करते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पेट्रोल के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लिए जाएं। गौरतलब है कि अमेरिका – इजरायल और ईरान में चल रहे संघर्ष और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच भारत में प्रीमियम पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी की गई है। प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2 से 2.35 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। सामान्य पेट्रोल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

Next Post

दूसरे दौर में अल्काराज से भिड़ेंगे फोन्सेका

Fri Mar 20 , 2026
मियामी, 20 मार्च (वार्ता) ब्राजील के जोआओ फोन्सेका ने गुरुवार को मियामी ओपन में एक बड़ी जीत हासिल करने के लिए अपना पूरा ज़ोर लगा दिया। फोन्सेका का दूसरे दौर में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अलकाराज से मुकाबला होगा। नेक्स्टजेनएटीपी स्टार ने एटीपी मास्टर्स 1000 इवेंट के पहले […]

You May Like