
जबलपुर। अन्नपूर्णा वेयरहाउस में हुआ 1.35 करोड़ का गेहं घोटाला मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित को मझौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिसे सोमवार को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
टीआई पूर्वा चौरसिया ने बताया कि माँ अन्नपूर्णा वेयर हाउस 102, पिपरिया केंद्र कोड पर गेहूं उपार्जन के दौरान 5168.70 क्विंटल गेहूं कीमत लगभग 1,35,67,837.50 रुपये की हेरा-फेरी और धोखाधड़ी की गई थी। कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी के प्रतिवेदन पर एफआईआर दर्ज की गई थी। प्रकरण में आरोपी अमन पांडे काफी लंबे समय से फरार चल रहा था जिसकी लगातार हर संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही थी। प्रकरण में फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर दस हजार रूपये का नगद ईनाम घोषित था । मुखबिर से सूचना मिली कि धोखाधड़ी के प्रकरण में फरार आरोपी अमन पांडे क्षेत्र में देखा गया है जो कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी करते हुये फरार ईनामी आरोपी अमन पाण्डेय पिता गुलाब पाण्डेय 32 वर्ष निवासी प्रज्ञा विहार कालोनी वार्ड न. खितौला को दबोचा गया । जिसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल निरूद्ध कराया गया है।
