लॉर्ड्स, 07 जून (वार्ता) गस ऐटकिंसन (पांच विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में 138 रन पर समेट कर मुकाबला 115 रनों से अपने नाम कर लिया। इसी के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
न्यूजीलैंड ने कल के 55 रन पर पांच विकेट से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में न्यूजीलैंड ने मात्र तीन रन जोड़ कर अपना छठा विकेट टॉम ब्लंडल (चार) गंवा दिया। उन्हें जॉश टंग ने आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये ग्लेन फिलिप्स ने डेवन कॉन्वे के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाज स्कोर को 111 रन तक ले गये। 34वें ओवर की आखिरी गेंद पर बेन स्टोक्स ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे डेवन कॉन्वे को अपना शिकार बना लिया। डेवन कॉन्वे ने 91 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 41 रन बनाये।
इसके बाद गस ऐटकिंसन ने नेथन स्मिथ (चार), काइल जेमीसन (छह) और मैट हेनरी (शून्य) काे आउटकर मैच अपनी टीम की झोली में डाल दिया। ग्लेन फिलिप्स 44 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया।
इंग्लैंड के लिए गस ऐटकिंसन ने 11.3 ओवरों 30 रन देकर पांच विकेट लिये। ऑली रॉबिंसन और जॉश टंग को दो-दो विकेट मिले। बेन स्टोक्स ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
संक्षिप्त स्कोर:- इंग्लैंड पहली पारी 140 रन, दूसरी पारी 226 रन। न्यूजीलैंड पहली पारी 113 रन, दूसरी पारी 138 रन
