इंदौर: नगर निगम मुख्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित चिकमंगलूर चौराहे के पास अव्यवस्था का गंभीर मामला सामने आया है. हैरानी की बात यह है कि यह इलाका पुलिस चौकी के बिल्कुल पास है, इसके बावजूद यहां फुटपाथों पर खुलेआम कब्जा किया जा रहा है.स्थानीय दुकानदार अपनी दुकानों को फुटपाथ से आगे बढ़ाकर सड़क तक फैला रहे हैं. कई दुकानों ने तो पूरा फुटपाथ घेर लिया है, जिससे पैदल चलने वालों के लिए रास्ता ही नहीं बचता.
मजबूरन लोगों को सड़क पर चलना पड़ रहा है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है. स्थिति और खराब तब हो जाती है जब दुकानदार अपने ग्राहकों के वाहन भी सड़क पर ही खड़े करवा देते हैं. इससे मुख्य चौराहे पर अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है. रोजाना यहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. और यह स्थिति सुबह से लेकर रात तक बनी रहती है जिस पर भी प्रशासन का ध्यान इस और नहीं जाता.
पुलिस की मौजूदगी के बाद भी कार्रवाई नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लगातार शिकायतों के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
सख्त कार्रवाई की जाएगी
इस मामले में नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह ने कहा कि जल्द ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि ऐसे अतिक्रमण के कारण न सिर्फ पैदल यात्रियों को परेशानी होती है, बल्कि यातायात भी बाधित होता है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी दुकानदारों को अपनी निर्धारित सीमा में ही व्यापार करने की चेतावनी दी जाएगी. यदि इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं किया गया, तो उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी.
