
छिंदवाड़ा/ परासिया। कफ सिरप कांड के मुख्य आरोपी रंगनाथन को शुक्रवार की देर शाम कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस ने परासिया न्यायालय में पेश किया। न्यायालय में आरोपी ने स्वयं अपनी पैरवी की । न्यायालय द्वारा पूछे गए सवाल का उत्तर देते हुए उसने बताया कि वह पांच राज्यों में अपनी कंपनी द्वारा निर्मित दवाओं को सप्लाई करता है, केवल मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में ही कफ सिरप में गड़बड़ी की शिकायत मिली है। उसने स्वयं को बीपी शुगर का पेसेंट बताते हुए कहा कि वह निर्दोष है उसे इस बात की जानकारी नहीं है कि कफ सिरप में निर्धारित मापदंड से अधिक कैमिकल का मिश्रण कैसे हो गया। न्यायालय ने उसकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस द्वारा पेश किए गए रिमांड के आवेदन पर अपनी स्वीकृति देते हुए पुलिस को मामले में पूछताछ करने के निर्देश दिए। जैसा कि पता है कफ सिरप कांड के मुख्य आरोपी रंगनाथन को एसआईटी बीते दिन तमिलनाडु से गिरफ्तार कर छिंदवाड़ा लेकर आई। जिसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परासिया थाने में लंबी पूछताछ के बाद देर शाम न्यायालय में पेश किया गया। अब देखना यह है कि पुलिस को मिले रिमांड के बाद पुलिस इस गंभीर मामले में और क्या सुराग ढूंढ पाती है, कि आखिरकार बच्चों की सर्दी खांसी की दवा में जहरीला केमिकल कैसे मिल गया?
