सांसद खेल महोत्सव ने गांव-गांव तक खेल संस्कृति को किया मजबूत: डॉ.राजेश

सीधी। सीधी जिले में सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य समापन कार्यक्रम गुरुवार 25 दिसम्बर को उत्कृष्ट विद्यालय सीधी के सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने देशभर के युवा खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक विकास पर बल दिया।

समापन कार्यक्रम में सांसद डॉ.राजेश मिश्रा, सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसके बाद सांसद खेल महोत्सव के सफल आयोजन में योगदान देने वाले अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच का सशक्त परिणाम हैं। प्रधानमंत्री जी का स्पष्ट उद्देश्य है कि देश का युवा केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से भी सशक्त बने। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट और सांसद खेल महोत्सव जैसे अभियानों ने गांव-गांव तक खेल संस्कृति को मजबूत किया है।

सांसद डॉ.मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी सांसदों को यह मार्गदर्शन दिया है कि वे अपने संसदीय क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को चिन्हित कर उन्हें प्रदेश, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। सांसद खेल महोत्सव इसी संकल्प की जीवंत अभिव्यक्ति है। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव 29 अगस्त को प्रारंभ होकर पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस 25 दिसंबर को समापन तक पहुंचा, जो अपने आप में प्रेरणादायी है। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश का युवा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष केके तिवारी, इंद्रशरण सिंह चौहान, लालचंद गुप्ता, पूर्व नपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह मुन्नू, डॉ.देवेंद्र त्रिपाठी, सहित जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

जिले के खिलाडिय़ों में अपार प्रतिभा: रीती

विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश में खेलों को नई दिशा और नई पहचान मिली है। प्रधानमंत्री जी की सोच है कि स्वस्थ युवा ही सशक्त भारत की नींव रखते हैं, इसी भावना के तहत खेलो इंडिया, फिट इंडिया और सांसद खेल महोत्सव जैसे कार्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार, प्रशिक्षण सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रभावी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। श्रीमती पाठक ने कहा कि सीधी जिले के ग्रामीण एवं शहरी अंचलों के खिलाडिय़ों में अपार प्रतिभा है। शासन की योजनाओं और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इन प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है, जिससे वे आगे बढक़र प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

Next Post

आस्थावानों का सैलाब,दो दिन नावें रहेंगी प्रतिबंधित 

Fri Dec 26 , 2025
ओंकारेश्वर। साल के आखिरी दिनों में ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर की शरण में पहुंचने वाले श्रद्धालु ओवरफ्लो हो रहे हैं। पहाड़ और नर्मदाजी से घिरे होने के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। नर्मदा में नौकायन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी घाटों पर बढ़ गई थी। नगर परिषद ने 31 दिसंबर […]

You May Like