जबलपुर:घमापुर में बीती रात बिजली गुल होने का फायदा उठाकर एक अज्ञात बदमाश ने पान दुकान के पास सुअरमार बम फेंक दिया। इस जोरदार धमाके से इलाका दहल उठा। गनीमत रही कि बम दुकान के ठीक बाजू में गिरा, जिससे दुकानदार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, सिद्धबाबा वार्ड निवासी कान्हा रजक (30) गोपाल होटल चौक पर पान की दुकान चलाता है। रोज की तरह वह सोमवार की रात को अपनी दुकान पर था। रात करीब 11:25 बजे अचानक इलाके की बिजली गुल हो गई और चारों तरफ अंधेरा छा गया। इसी बीच करीब 11:40 बजे एक अज्ञात सिरफिरा बदमाश वहां पहुंचा और उसने सीधे कान्हा की दुकान को निशाना बनाते हुए सुअरमार बम फेंक दिया।
धमाके से मची अफरा-तफरी
बम गिरते ही एक बेहद तेज और कान फोड़ू धमाका हुआ। अचानक हुए इस हमले से कान्हा बेहद डर गया। वारदात के करीब 10 मिनट बाद जब बिजली वापस आई, तब कान्हा ने हिम्मत जुटाकर बाहर देखा। दुकान के ठीक बगल में सुअरमार बम के फटे हुए चिथड़े और बारूद के अवशेष बिखरे पड़े थे। अंधेरा होने के कारण पीड़ित हमलावर को देख नहीं सका। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
