मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने प्रगति की जानकारी ली
जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला मलिटी एश्योरेंस कमेटी की बैठक सम्पन्न
इंदौर: मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में आज जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला मलिटी एश्योरेंस कमेटी की बैठक कलेक्टर कार्यालय में सम्पन्न हुई. बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की.उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों के आयुष्मान कार्ड बनाने में प्रगति लायें। इस कार्य में आँगनवाड़ी कार्यकर्ता, रेडक्रास सोसायटी एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लेकर इस कार्य को प्राथमिकता के साथ निर्धारित अवधि में पूरा करें. उन्होंने बाल मृत्यु दर में कमी लाने के लिये आवश्यक सुधार के भी निर्देश दिये.
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. एस. सैत्या, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. जी.एल. सोढ़ी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता, जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी डॉ. मनीषा पंडित, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. शिवराज सिंह चौहान समस्त ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, जोनल मेडिकल ऑफिसर तथा समस्त कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित थे. मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जैन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स, टीबी, हेपेटाइटिस बी जैसी बीमारियों के बचाव हेतु चिकित्सा और शिक्षा से जुड़े अधिकारी स्कूल-कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में पायलेट प्रोजेक्ट के तहत जनजागरूकता अभियान चलायें, ताकि युवा वर्ग के स्वास्थ्य को सुनिश्चित किया जा सके.
शत प्रतिशत हो टीकाकरण
बैठक में श्री जैन ने कहा कि जिले में चल रहे राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम में और प्रगति लायें. इस कार्य में रोगियों के साथ सतत संवाद स्थापित करें और लगातार मॉनीटरिंग भी करते रहें, ताकि कुष्ठ रोग जैसी बीमारी का पूरी तरह से उन्मूलन हो सके. अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत चिन्हित रोगियों के ऑपरेशन किये जायें. इस कार्य में शासकीय अस्पतालों के अलावा एनजीओ और निजी अस्पतालों का भी सहयोग लिया जाये, ताकि जिले में कोई भी मोतियाबिंद का रोगी नहीं रहे. श्री जैन ने टीकाकरण अभियान के बारे में जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिये कि छोटे बच्चों का टीकाकरण शत-प्रतिशत हो.
