
रीवा, जिले के चाकघाट निवासी भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रशांत पाठक पर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कथित हमला होने का मामला सामने आया है.
प्रशांत पाठक का आरोप है कि प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने उनकी कार पर भाजपा का झंडा देखकर उन्हें घेर लिया और जमकर तोडफ़ोड़ की. उन्होंने इस घटना के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. प्रशांत पाठक के अनुसार वह इलाज के सिलसिले में प्रयागराज गए थे. लौटते समय सुभाष चौराहे के पास प्रदर्शन कर रहे लोगों ने उनकी कार पर लगा भाजपा का झंडा देखकर वाहन रोक लिया. उनका दावा है कि भीड़ ने भाजपा वाला है, मारो इसे कहते हुए कार को चारों ओर से घेर लिया और शीशे तोड़ दिए. उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने कार से भाजपा का झंडा निकालकर फेंक दिया और वाहन के दरवाजे खोलकर उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की. काफी मशक्कत के बाद चालक किसी तरह कार को वहां से निकालने में सफल रहा. प्रशांत पाठक ने घटना की शिकायत प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
