मुंबई, तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म द वन का छठी मैया गाना रिलीज हो गया है। गाने में तमन्ना छठ व्रत करती और सिद्धार्थ कोसी भरते नजर आ रहे हैं।
तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा की अपकमिंग फिल्म ‘द वन’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। फिल्म का गाना ‘छठी मैया’ अब रिलीज हो गया है। गाने में छठ पूजा की आस्था, परंपरा और भावनाओं की खूबसूरत झलक देखने को मिलती है। खास बात यह है कि गाने में तमन्ना छठ पूजा का व्रत करती नजर आ रही हैं, जबकि सिद्धार्थ मल्होत्रा भी पूजा की रस्मों में उनका साथ देते दिखाई दे रहे हैं।
‘छठी मैया’ गाने में छठ पूजा से जुड़ी परंपराओं को बेहद भावुक अंदाज में दिखाया गया है। इसमें शाम के अर्घ्य से लेकर सुबह की पूजा और कोसी भरने तक की झलक देखने को मिलती है। तमन्ना भाटिया गाने में पूरी श्रद्धा के साथ छठी मैया की आराधना करती नजर आ रही हैं। गाने को विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके भावुक बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं। गाने की कोरियोग्राफी चिन्नी प्रकाश ने की है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की जोड़ी
‘छठी मैया’ गाने में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की जोड़ी भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। सिद्धार्थ को छठ पूजा की रस्मों में शामिल होते और कोसी भरते हुए देखा जा सकता है। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री और गाने की भावुक प्रस्तुति फैंस को काफी पसंद आ रही है। तमन्ना ने गाना शेयर करते हुए लिखा कि हर आराध्य में आस हर आस में छठी मैया का विश्वास। उनके इस पोस्ट पर फैंस ने जमकर प्यार बरसाया।
फैंस का रिएक्शन
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई फैंस ने गाने को आस्था और भावनाओं से जोड़ते हुए इसकी तारीफ की। कुछ यूजर्स का कहना है कि फिल्म के जरिए छठ पूजा की संस्कृति को और बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं कई फैंस ने फिल्म को छठ से पहले देखने की बात कही।
400 साल पुरानी है फिल्म की कहानी
‘द वन’ की कहानी एक शहरी व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पुश्तैनी गांव के प्रतिबंधित जंगल में एक दिव्य वन देवी को जगा देता है। इसके बाद उसे ऐसी रहस्यमयी शक्तियों का सामना करना पड़ता है, जो उसकी समझ से परे हैं। फिल्म में करीब 400 साल पुरानी वन देवी की कहानी को भी दिखाया जाएगा। दीपक मिश्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है। ‘द वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
