नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी दिल्ली सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक नए युग की गवाह बन रही है।
श्रीमती गुप्ता ने सोमवार को हरिनगर में दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के अत्याधुनिक मल्टी-लेवल इलेक्ट्रिक बस डिपो का शिलान्यास करने में बाद इस परियोजना के साथ ही बस यात्रियों के लिए भी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। राजधानी दिल्ली सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक नए युग की गवाह बन रही है। हरिनगर बस डिपो लगभग 400 इलेक्ट्रिक बसों को एक साथ खड़ी करने में सक्षम है और अत्याधुनिक चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर से लैस है। हमारी सरकार साफ-सुथरी, सस्ती, सुलभ और सतत मोबिलिटी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ एक बस डिपो नहीं है, बल्कि यह ग्रीन और क्लीन दिल्ली की नींव है।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हरिनगर बस डिपो में 500 केवी रूफटॉप सोलर पावर प्लांट, 170 केएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली भी लगेगी। साथ ही ऊर्जा-कुशल एल्युमिनियम लूवर, प्राकृतिक रोशनी की व्यवस्था के साथ वेंटिलेशन की अधिकतम व्यवस्था की जाएगी। साथ ही एलइडी पैनल से भी रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता दिल्ली के अंतिम छोर तक लास्ट-माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के साथ इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े को अगले साल 3,000 से बढ़ाकर 6,000 तक पहुंचाना है। यह डिपो दिल्ली के परिवहन को केवल कुशल ही नहीं बल्कि पर्यावरण अनुकूल और ग्रीन कैपिटल के रोडमैप का अहम हिस्सा है। हमारी सरकार डीटीसी कर्मचारियों के लिए आधुनिक कामकाजी परिस्थितियों के निर्माण और बस यात्रियों के लिए सस्ती, सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा की सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों के रख-रखाव के साथ डीटीसी कर्मचारियों को आने वाली चुनौतियों जैसे पेंशन और रोजगार संबंधी मुद्दों का जिक्र करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार लंबी अवधि के लिए समाधान पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने डीडीसी को वित्तीय संकट में लाकर छोड़ दिया और कर्मचारियों की भलाई की लगातार अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि जहां पिछ्ली सरकारों ने दिल्ली की लाइफ-लाइन की अनदेखी की, तो हम इसे फिर से पटरी पर लाने का काम कर रहे हैं। हमारी सरकार का दृष्टिकोण केवल टूटी-फूटी चीज़ों की मरम्मत करने का नहीं है, बल्कि बेहद मजबूत हरित और भविष्य के अनुकूल नया सिस्टम बनाने का है। हरिनगर बस डिपो प्रमाण है कि अगर इरादे सही हों और सकारात्मक योजना के साथ काम किया जाए तो दिल्ली डीटीसी को फिर से राजधानी दिल्ली की शान बनाया जा सकता है।
श्रीमती गुप्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार एक व्यापक और लोगों के अनुकूल इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) नीति पेश करने की तैयारी कर रही है, जो ई-बस, मेट्रो कनेक्टिविटी और लास्ट-माइल ट्रांसपोर्ट को एक सहज प्रणाली में जोड़ने का काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता दिल्ली की असली समस्याओं पर ध्यान देने की जगह मेरी स्पीच और सोशल मीडिया देखने में ज्यादा समय बिता रहे हैं। हमारी सरकार की नीति स्पष्ट है। हम जनता से जुड़ी समस्याओं को हल करने के लिए सत्ता में हैं, सिर्फ राजनीति करने के लिए नहीं।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा हाल ही में घोषित वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) राहतों के लिए धन्यवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जीएसटी में जो कटौती की है वह 140 करोड़ भारतीयों के लिए असली दिवाली का उपहार है। इससे मध्यवर्गीय परिवारों के जीवन में राहत मिलेगी और उनके बच्चों के सपने बड़े होंगे। साथ ही देश के अर्थव्यवस्था बेहद मजबूत होगी।
इस अवसर पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली के हर कोने में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की झलक साफ दिखाई दे रही है। हमने दिल्ली के लोगों से जो वादा किया था कि राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को सिर्फ बढ़ाया ही नहीं जाएगा, बल्कि पूरी तरह से बदल जाएगा। आज का शिलान्यास हमारे किए गए उस वादे का प्रमाण है। हमारा प्रयास है कि आधुनिक, भरोसेमंद और पर्यावरण अनुकूल मोबिलिटी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ना हैं। बहुत जल्द दिल्ली के नागरिकों को बेहतर परिवहन नेटवर्क के साथ साफ-सुथरी बसें और बेहतर सुविधाएं दिखाई देंगी। हम डीटीसी की पुरानी गरिमा को लौटाएंगे और इसे लाभ देने वाली संस्था बनाएंगे।
