कोकीन कनेक्शन तलाशने नाइजीरियन महिला को लेकर मुंबई जाएगी इंदौर पुलिस

इंदौर. चंदन नगर क्षेत्र में 29 लाख रुपए की कोकीन के साथ पकड़ी गई नाइजीरियन महिला इमैनुएल जॉय अब इंदौर पुलिस को मुंबई के ड्रग नेटवर्क तक पहुंचाने वाली है. पांच दिन की पुलिस रिमांड पर चल रही महिला से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस की विशेष टीम उसे लेकर मुंबई जाएगी. वहां उसके ठिकानों और संपर्कों की पड़ताल के साथ उस व्यक्ति की तलाश होगी, जिसने उसे कोकीन की खेप उपलब्ध कराई थी.

इमैनुएल जॉय करीब सात महीने के बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और मुंबई में रह रही थी. चंदन नगर पुलिस ने उसे 58 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था. अब जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि मुंबई में महिला किसके संपर्क में थी. पुलिस यह भी पता करेगी कि उसे कोकीन कहां से मिली और इंदौर में यह खेप किस व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी. इसके लिए महिला से मिली जानकारी के आधार पर मुंबई में संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जाएगी. इधर पुलिस महिला के पासपोर्ट और इमिग्रेशन रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. मोबाइल फोन के तकनीकी डेटा और कॉल डिटेल का विश्लेषण कर उसके संपर्कों की सूची तैयार की जा रही है. इसके आधार पर पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वह इससे पहले कितनी बार इंदौर आई और हर बार उसका संपर्क किन लोगों से रहा. विदेशी नागरिक होने के कारण इंदौर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना नई दिल्ली स्थित नाइजीरियन दूतावास को ईमेल के जरिए भेज दी है, उसके परिजनों को भी व्हाट्सएप से सूचना दी गई है. पुलिस अब पूछताछ और तकनीकी जांच से मिले इनपुट को जोड़कर इंदौर से मुंबई तक फैले नेटवर्क की कड़ियां तलाश रही है. पुलिस के मुंबई जाने का मकसद केवल महिला के ठिकाने की जानकारी जुटाना नहीं, बल्कि कोकीन की सप्लाई चेन में उसके पीछे मौजूद लोगों तक पहुंचना भी है. जांच में यदि सप्लायर की पहचान होती है तो नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का रास्ता साफ हो सकता है.

दस्तावेजों का विश्लेषण भी : दंडोतिया

मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने नव भारत को बताया कि महिला से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर आगे की जांच की जा रही है. उसके मुंबई के संपर्कों और मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों का विश्लेषण भी किया जा रहा है.

Next Post

मुख्यमंत्री ने किया महाकालेश्वर की पालकी में विराजित चन्द्रमोलेश्वर का पूजन 

Mon Aug 31 , 2026
उज्जैन । भगवान महाकालेश्वर की पांचवी सवारी आज धूमधाम से नियत समय पर महाकालेश्वर मंदिर से निकाली गई। सवारी के रामघाट पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने पालकी में विराजित भगवान चन्द्रमोलेश्वर का विधि विधान से पूजन अर्चन किया। पुजारी आशीष शर्मा ने पालकी में विराजित चंद्रमोलेश्वर का माँ […]

You May Like