भोपाल के अस्पताल से लापता 6 साल का अंश मथुरा में मिला, पातालकोट एक्सप्रेस से पहुंचा था यूपी

भोपाल। लालघाटी स्थित मल्टी केयर अस्पताल से लापता हुआ 6 साल का मासूम अंश मैना आखिरकार उत्तर प्रदेश के मथुरा में सुरक्षित मिल गया है। मथुरा जीआरपी ने उसे बरामद कर लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अंश पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन से मथुरा पहुंचा था।

अंश अपनी बीमार मां से मिलने अस्पताल आया था। इसी दौरान वह अस्पताल परिसर के आसपास खेलते समय लापता हो गया। परिजनों की शिकायत के बाद भोपाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बच्चे की तलाश के लिए छह टीमें बनाई गईं।

जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में अंश एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ जाता दिखाई दिया था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों, नादरा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। जांच में यह भी सामने आया कि अंश को आखिरी बार भोपाल रेलवे स्टेशन पर पातालकोट एक्सप्रेस में बैठते हुए देखा गया था।

लगातार तलाश और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय के बाद मथुरा जीआरपी ने मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अंश भोपाल से मथुरा तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और क्या इस पूरे घटनाक्रम में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी।

मासूम के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने और घटना के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

Next Post

ट्रैक्टर चालक पर चाकू से जानलेवा हमला

Fri Jun 19 , 2026
जबलपुर। गोसलपुर थाना अंतर्गत केवलारी फाटक के पास ट्रैक्टर हटाने की बात को लेकर तीन युवकों ने एक चालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं […]

You May Like