
इंदौर. बड़नगर क्षेत्र से लापता युवक का शव इंदौर के यशवंत सागर के पास झाड़ियों में मिला. पुलिस ने पहचान कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका जताई है.
हातोद थाना क्षेत्र में यशवंत सागर के पास झाड़ियों में एक युवक का शव मिला, जिसकी पहचान सुल्तान निवासी पीर गांव बड़नगर के रूप में हुई. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव की पहचान होने के बाद बड़नगर पुलिस से संपर्क किया. जांच में सामने आया कि सुल्तान का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसमें उसके साथ मारपीट भी हुई थी. पुलिस को आशंका है कि विवाद के बाद उसकी हत्या कर शव को यशवंत सागर क्षेत्र में फेंका गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.
