जबलपुर: विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग और व्यापारिक जगत की भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा। तेजी से महानगर का स्वरूप ले रहे जबलपुर को सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से समन्वित, समय बद्ध एवं भविष्य की जरूरत के हिसाब से कार्य किया जाएगा। यह बातें महाकोशल चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री के तत्वावधान में जबलपुर के विकास पर संवाद कार्यक्रम के दौरान जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने कहीं।
उन्होंने उपस्थित व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी अपेक्षाओं की पूर्ति में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी तथा उनके विश्वास को कभी टूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने इस संवाद को निरंतर जारी रखने एवं समय-समय पर समीक्षा के साथ सिविक सेंटर व्यावसायिक क्षेत्र की समस्याओं प्रमुखत: मांसाहार, अतिक्रमण एवं व्यवस्थित पार्किंग के त्वरित निराकरण जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम एवं जेडीए के साथ मिलकर करने का आश्वासन दिया।
जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी ने कहा कि प्राधिकरण में पहली बार किसी व्यापारी को यह जिम्मेदारी मिली है। एक व्यवसायी होने के नाते वे व्यापार जगत की जमीनी समस्याओं से भली-भांति अवगत हैं।
चेम्बर भवन सिविक सेंटर में संपन्न हुआ। माता लक्ष्मी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ संवाद का प्रारंभ हुआ। जबलपुर नगर के विकास पर संवाद विषय की प्रस्तावना रखते हुए चेंबर अध्यक्ष रवि गुप्ता ने नगर विकास के लिए जेडीए का कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने की बात की। कार्यक्रम का संचालन चेंबर मानसेवी मंत्री अखिल मिश्र एवं आभार वरिष्ठ उपाध्यक्ष शंकर नाग्देव द्वारा किया गया। आयोजन में चेंबर वरिष्ठ उपाध्यक्ष शंकर नाग्देव, युवराज जैन गढ़ावाल, अखिल मिश्र, हेमराज अग्रवाल, अनिल जैन पाली, समीर पाल, नवनीत जैन, पद्माकर तलवारे, विनय जैन, सुनील ठाकुर, सुबोध जैन, मनीष केसरी, अभिषेक जैन, आचार्य पंडित रोहित दुबे, राजिंदर सिंह छाबड़ा, प्रकाश कुलचंदानी, संजय पांडे, पंडित नवीन जोशी, प्रदीप बिस्वारी, गौरव गुप्ता, पीयूष श्रीवास्तव, सारंग भिड़े, चेतन अग्रवाल, आशीष खरे, संदीप श्रीवास्तव सहित बृहद संख्या में व्यापारी एवं उद्योगपति उपस्थित रहे ।
संगठनों द्वारा रखे गए प्रमुख सुझाव व मांगे
सिविक सेंटर व्यावसायिक क्षेत्र में नॉनवेज (मांसाहारी) पदार्थों के विक्रय पर तत्काल रोक लगाने की मांग क्षेत्रीय व्यापारियों ने रखी। क्षेत्र में सडक़ पर लगाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के ठेलों से उत्पन्न अव्यवस्था एवं पार्किंग में व्यवधान का प्रमुख कारण बताया। जेडीए ब्लॉक 10 बिल्डिंग में पीछे बालकनी पर चल रही अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने एवं टू व्हीलर पार्किंग की जगह पर ठेले वालों के द्वारा अवैध कब्जे से मुक्त करने की बात की गई। थोक व्यवसाय के लिए अलग सर्वसुविधायुक्त बाजार विकसित करने और सुरक्षित व्यापारिक ज़ोन बनाने की मांग की गई।उद्यानों में वॉटर हार्वेस्टिंग प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया।
