
इंदौर. तिलक नगर थाना क्षेत्र में पार्टी से लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई. बाइक स्लिप होने से पीछे बैठे युवक की गिरकर मौके पर ही जान चली गई.
घटना बख्तावर रामनगर चौराहे के पास की है, जहां 34 वर्षीय योगेश पिता श्याम सिलावट निवासी छोटी ग्वालटोली अपने दोस्तों रोशन और जीवन के साथ स्कीम-140 से पार्टी मनाकर लौट रहा था. तीनों युवक शराब के नशे में थे और एक ही बाइक पर सवार थे. बाइक रोशन चला रहा था, जबकि योगेश सबसे पीछे बैठा था. चौराहे के पास अचानक बाइक स्लिप हो गई, जिससे योगेश सड़क पर गिर गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. बताया जा रहा है कि मृतक योगेश टैटू बनाने का काम करता था. तिलक नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है.
