
आणंद 05 जून (वार्ता) गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (अमूल) ने स्पेन में दूध लॉन्च किया और स्पेन की सहकारी संस्था कोऑपरेटिवा गनेडेरा डेल वैले डे लॉस पेड्रोचेस (सीओवीएपी) के साथ साझेदारी की है।
अमूल के प्रबंध निदेशक श्री जयेन मेहता ने बुधवार को यहां जारी अपने बयान में कहा कि अमूल ने स्पेन और यूरोपीय संघ (ईयू) में अमूल दूध लॉन्च किया है। इसके लिए अमूल ने स्पेन की प्रमुख प्रथम श्रेणी की सहकारी संस्था कोऑपरेटिवा गनेडेरा डेल वैले डे लॉस पेड्रोचेस के साथ अपनी साझेदारी की घोषणा की है।
लॉन्च समारोह भारत के दूतावास, मैड्रिड में आयोजित किया गया, जिसमें दिनेश के. पटनायक, स्पेन के भारतीय राजदूत, डी. फर्नांडो हेरिडिया नोगुएरा, उप निदेशक अंतरराष्ट्रीय संबंध, कृषि, मत्स्य एवं खाद्य मंत्रालय, रिकार्डो डेलगाडो विस्कैनो, अध्यक्ष सीओवीएपी तथा अमूल के वरिष्ठ अधिकारीगण और स्पेन में अमूल के चैनल पार्टनर्स की उपस्थिति रही।
अमूल ब्रांड को विश्व की सबसे शक्तिशाली डेयरी ब्रांड और भारत की सबसे बड़ी उपभोक्ता उत्पाद समूह ब्रांड के रूप में मान्यता प्राप्त है। 36 लाख से अधिक डेयरी किसानों के साथ अमूल दुनिया की सबसे बड़ी किसान-स्वामित्व वाली डेयरी सहकारी संस्था है। इसका वार्षिक कारोबार 11 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है और यह हर वर्ष 12 अरब लीटर से अधिक दूध संचालित करती है।
उल्लेखनीय है कि अमूल दुनिया की आठवीं सबसे बड़ी मिल्क प्रोसेसर (आईएफसीएन द्वारा प्रकाशित रैंकिंग के अनुसार) है। अमूल भारत भर में 112 डेयरी संयंत्रों का संचालन करती है, जिनकी कुल दूध प्रबंधन क्षमता प्रतिदिन 4.2 करोड़ लीटर है। सीओवीएपी, स्पेन की एक प्रतिष्ठित प्रथम श्रेणी की सहकारी संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 1959 में पोसोब्लैंको, कोर्डोबा में हुई थी। 2,000 से अधिक सक्रिय किसान-सदस्यों के साथ, सीओवीएपी अंडालूसिया के कृषि-खाद्य क्षेत्र की एक प्रमुख आधारशिला मानी जाती है।
सीओवीएपी की डेयरी संयंत्र यूरोप के सबसे उन्नत संयंत्रों में से एक है, जो प्रति वर्ष 40 करोड़ लीटर से अधिक दूध का प्रसंस्करण (प्रोसेस) करती है। सीओवीएपी अपने उत्पादों को अमेरिका, ब्रिटेन और कई एशियाई देशों सहित 30 से अधिक देशों में निर्यात करता है।
इस साझेदारी के अंतर्गत, अमूल शुरुआत में दूध को मैड्रिड और बार्सिलोना में, और इसके पश्चात मालागा, वैलेंसिया, एलिकांटे, सेविले, कोर्डोबा और लिस्बन में लॉन्च करेगा। आगामी समय में अमूल जर्मनी, इटली और स्विट्ज़रलैंड में भी दूध एवं अन्य उत्पाद लॉन्च करने की योजना कर रहा है।
श्री जयेन मेहता ने कहा, “हम स्पेन की एक अत्यंत सम्मानित डेयरी सहकारी संस्था सीओवीएपी के साथ साझेदारी कर अत्यंत गौरवांवित मेहसूस कर रहे हैं। यह सहयोग सुनिश्चित करेगा कि हमारे सभी स्पेनिश उपभोक्ताओं को अमूल दूध के पोषण और गुणवत्ता का लाभ मिले।”
उन्होंने आगे बताया,‘‘अमूल दूध यूरोप में पहली बार लॉन्च किया जा रहा है। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अमूल को वैश्विक डेयरी ब्रांड बनाने के उद्देश्य के अनुरूप, भारत के स्वाद को विश्व पटल पर पहुंचाना हमारे लिए बड़ी खुशी और गर्व की बात है। हमें पूरा विश्वास है कि, संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित ‘अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025’ में, हमारी टीम अमूल ब्रांड को दुनियाभर में प्रत्येक भारतीय के करीब लाएगी और सहकारी समितियों के बीच सहकारिता की शक्ति प्रदर्शित करेगी।”
सीओवीएपी के अध्यक्ष रिकार्डो डेलगाडो विस्कैनो ने कहा,“अमूल के साथ यह साझेदारी हमें एक अन्य सहकारी संस्था के साथ मिलकर कार्य करने का अवसर प्रदान करेगी। इससे न केवल हमारे बल्कि भारतीय किसानों को भी लाभ होगा। यह सहयोग सीओवीएपी की तकनीकी क्षमताओं और उच्च गुणवत्ता वाले दूध को, अमूल ब्रांड के तेजी से बढ़ते और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध प्रीमियम डेयरी उत्पादों के साथ जोड़ेगा।”
