बुधनी। एक मई से नगर के सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय में समर कैंप का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम विद्यालय प्राचार्य सुधा सालोमन एवं समर कैंप प्रभारी अनुपमा दुबे के नेतृत्व में आयोजित हुआ. समर कैंप के पहले दिन विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला.
कैंप के दौरान विभिन्न थीम आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया. हमारे खेल हमारी पहचान थीम के अंतर्गत बोकीया और शेर-बकरी जैसे पारंपरिक खेल खिलाए गए. वहीं आर्ट ऑफ क्राफ्ट में विद्यार्थियों ने आकर्षक मुखौटे बनाए. हमारी कहानियां थीम के तहत थिएटर गतिविधियां आयोजित की गई, जबकि अपने नाम की पर्चियां ढूंढना जैसी रोचक गतिविधियों ने बच्चों का विशेष ध्यान आकर्षित किया. विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से कैंप का माहौल जीवंत रहा. उपप्राचार्य सुरेंद्र सिंह जामलिया, आयशा खान, खुशबू रैकवार, स्पोर्ट्स शिक्षक इरफान खान, आर्ट क्राफ्ट शिक्षिका सुनीता चाड़ोकर, शशांक पचौरी, सुषमा चौहान एवं चांदनी कुशवाह ने बच्चों के बीच रहकर विभिन्न गतिविधियां संपन्न कराई. प्राचार्य सुधा सालोमन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त की. समर कैंप के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नियमित रूप से विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों में रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास होगा. समर कैंप के पहले दिन सकारात्मक माहौल तैयार कर दिया है.
