
भोपाल। राजधानी भोपाल में सोमवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने रसोई गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिलेंडरों से भरा ट्रक जब्त किया. यह ट्रक न्यू मार्केट स्थित दशहरा मैदान में कस्तूरबा स्कूल के सामने खड़ा मिला. ट्रक में इंडेन गैस के घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर पाए गए.
जिला खाद्य नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन को सिलेंडरों की अवैध बिक्री और ब्लैक मार्केटिंग की सूचना मिली थी. इसके बाद उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और ट्रक को जब्त कर लिया. जांच में ट्रक में कुल 211 सिलेंडर मिले, जिनमें 208 घरेलू भरे हुए सिलेंडर, एक घरेलू खाली सिलेंडर, एक भरा हुआ कमर्शियल सिलेंडर और एक खाली कमर्शियल सिलेंडर शामिल था. इसके अलावा एक लोडिंग वाहन भी खाली हालत में मौके पर मिला.
कार्रवाई के दौरान ऑटो हाउस गैस एजेंसी के संचालक अनिल खट्टर भी मौके पर मौजूद पाए गए. अधिकारियों ने बताया कि गैस एजेंसी के अधिकृत गोदाम के बजाय दूसरे स्थान पर सिलेंडर और ट्रक मिलने पर संदेह के आधार पर जब्ती की कार्रवाई की गई. साथ ही गैस एजेंसी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है.
जिला खाद्य नियंत्रक जादौन ने बताया कि मामले की आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. विभाग को शिकायतें मिल रही हैं कि एजेंसियां और वाहन संचालक गोदामों से दूर सुनसान स्थानों पर सिलेंडरों से भरे ट्रक और लोडिंग वाहन खड़े कर अवैध बिक्री करते हैं. प्रशासन ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करेगा और शहर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी.
