
नयी दिल्ली, 05 जून (वार्ता) यूरोपीय देशों की आधिकारिक यात्रा पर गये केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल बुधवार से इटली की दो दिन की यात्रा पर हैं, जहां वह भारत-इटली संयुक्त आर्थिक-सहयोग आयोग (जेसीईसी) की बैठक में भाग लेने के साथ कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
व्यापार जगत में अनिश्चितताओं के वर्तमान वातावरण में श्री गोयल की इन यात्राओं का उद्येश्य यूरोपीय देशों के साथ रणनीतिक और आर्थिक संबंधों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराने और मजबूत करना है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार फ्रांस के बाद श्री गोयल की इटली की यात्रा यूरोपीय संघ के इस महत्वपूर्ण सदस्य देश के साथ द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश संबंधी सहयोग को और भी अधिक मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।
यात्रा के दौरान, श्री गोयल इटली के उप प्रधानमंत्री तथा विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री श्री एंटोनियो तजानी के साथ रोम में भारत-इटली संयुक्त आर्थिक-सहयोग आयोग (जेसीईसी) के 22वें सत्र की अध्यक्षता करेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय का कहना है कि यह सहभागिता भारत-इटली संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना (जेएसएपी) 2025-2029 के शुरू होने के बाद भारत-इटली द्विपक्षीय संबंधों में एक निर्णायक चरण के संदर्भ में हो रही है।
यह योजना नवंबर 2024 में रियो डी जेनेरियो में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच बैठक के बाद घोषित की गयी थी। इसमें 10 मुख्य विषयों में परस्पर सहयोग का संकल्प है और इसमें मुख्य फोकस आर्थिक सहयोग पर है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि जेसीईसी की बैठक में दोनों पक्षों को डिजिटल प्रौद्योगिकी पर अधारित विनिर्माण उद्योग, कृषि प्रौद्योगिकी, डिजिटलीकरण, ऊर्जा परिवर्तन, सतत आवागमन और भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) जैसे उच्च प्रभाव वाले क्षेत्रों में प्रगति का आकलन एवं सहयोग के लिए नये रास्ते तलाशने का अवसर मिलेगा।
श्री गोयल ब्रेशिया में भारत-इटली आर्थिक वृद्धि फोरम में एक उच्च स्तरीय भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भी करेंगे।
