दूधमुंही तन्वी ने भी तोड़ा दम, मां और भाई के बाद तीसरी मौत से दहल उठा परिवार

सिंगरौली। सासन पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिद्धि कला में हुई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। शनिवार शाम 24 वर्षीय उर्मिला वैश्य द्वारा अपने दो मासूम बच्चों के साथ कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने के मामले में अब तीसरी मौत भी हो गई है। जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में उपचार के दौरान पहले उर्मिला वैश्य और उसके एक वर्षीय पुत्र श्रवण बैस की मौत हो गई थी। वहीं गंभीर हालत में भर्ती दो वर्षीय मासूम तन्वी ने भी देर रात दम तोड़ दिया।

घटना के बाद उर्मिला के मायके पक्ष ने पति अरुण कुमार बैस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उर्मिला को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि पति नशे का आदी था और घर का सामान, टीवी, सोने की अंगूठी, मोटरसाइकिल सहित अन्य वस्तुएं भी बेच चुका था। मायके पक्ष का यह भी आरोप है कि उर्मिला के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी तथा उसी ने जहर देकर घटना को अंजाम दिया है।

मां और दो मासूम बच्चों की मौत के बाद ग्राम सिद्धि कला में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार इस संवेदनशील मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर द्वारा की जाएगी। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तीन मौतों से पूरा गांव स्तब्ध है और न्याय की मांग उठने लगी है।

Next Post

डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, लोगों ने डंपर फूंका, 4 थानों का फोर्स तैनात

Sun Jun 7 , 2026
भिंड। दबोह थाना क्षेत्र के कोंच मार्ग पर अमाहा गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से नाराज मौके पर मौजूद लोगों ने डंपर में आग लगा दी। घटना आज रविवार दोपहर […]

You May Like