सतत चेक क्लियरेंस प्रणाली का दूसरा चरण टला

मुंबई, 24 दिसंबर (वार्ता) रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सतत चेक क्लियरेंस प्रणाली का दूसरा चरण जनवरी में लागू करने की योजना को फिलहाल टालते हुए इसकी तैयारी के लिए बैंकों को अतिरिक्त समय प्रदान किया है।

इसका पहला चरण 04 अक्टूबर 2025 को लागू किया गया था और दूसरा चरण 03 जनवरी 2026 से लागू होना था। पहले चरण में जिस दिन चेक संबंधित बैंक को क्लियरेंस के लिए पेश किया गया है, उसी दिन उसे क्लियर करना या खारिज कर देना अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, दूसरे चरण में जिस घंटे में चेक पेश किया गया है उसके अगले तीन घंटे में उसे क्लियर या खारिज करने की अनिवार्यता का प्रस्ताव था।

केंद्रीय बैंक ने बुधवार को जारी अधिसूचना में कहा है, “दूसरे चरण का क्रियान्वयन अगले नोटिस तक के लिए टाला जा रहा है ताकि बैंकों को अपने परिचालन को सुचारू करने के लिए और समय मिल सके।”

इसके अलावा, पहले चरण के तहत संबंधित बैंक को (जिसका चेक है) चेक प्रस्तुत करने और संबंधित बैंक द्वारा उसे क्लियर करने के समय में बदलाव किया गया है। चेक प्रस्तुत करने का समय सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक था जिसे बदलकर अब सुबह नौ बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक किया गया है।

वहीं, चेक क्लियर करने या खारिज करने का समय सुबह 10 बजे से शाम सात बजे की बजाय अब सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक होगा।

 

 

 

 

Next Post

आसाराम-रत्नागिरी सड़क चौड़ीकरण में पेड़ों की कटाई का विरोध, एनजीटी की रोक के बीच पर्यावरण प्रेमियों का प्रदर्शन

Wed Dec 24 , 2025
भोपाल। आसाराम तिराहे से रत्नागिरी तिराहे तक सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में हरे पेड़ों की कटाई का विरोध करने के लिए गुरुवार को प्राकृतिक प्रेमी जुटेंगे. मामले में एनजीटी ने भी रोक लगाई है. पर्यावरण प्रेमी सुयश कुलश्रेष्ठ ने शहर में पेड़ों की कटाई को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने […]

You May Like