बीजिंग, 09 दिसंबर (वार्ता) चीन ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आग्रह किया है कि वे अपने मतभेदों को बातचीत और परामर्श के जरिए सुलझाते हुए स्थिति को शांत करने की दिशा में काम करें और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर प्रयास करें।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मंगलवार को यह बात कही।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने यह टिप्पणी उस खबर के जवाब में दी जिसमें कहा गया था कि पांच दिसंबर को अफगानिस्तान और पाकिस्तानी बलों के बीच गोलीबारी हुई थी, जिसमें कई नागरिक हताहत हुए थे।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों ही चीन के पुराने और मित्रवत पड़ोसी हैं, साथ ही ये एक-दूसरे से अलग नहीं हो सकने वाले पड़ोसी भी हैं।
श्री जियाकुन ने कहा कि चीन अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर पाकिस्तान-अफगानिस्तान संबंधों को बेहतर बनाने और विकसित करने में रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा।
