सीहोर।कलेक्टर बालागुरू के की अध्यक्षता में टीएल बैठक आयोजित की गई. उन्होंने सभी विभागों के समय-सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और समय सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए.
कलेक्टर ने टीएल बैठक के दौरान रेलवे एवं नेशनल हाइवे से संबंधित विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने भूमि आवंटन, मुआवजा वितरण तथा विभाग को कब्जा उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में हो रही देरी पर गहरी नाराजग़ी जताई. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने कहा कि रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग जैसी परियोजनाएं राज्य के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, इसलिए सभी विभाग कार्य में तेजी लाऐ और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें.
कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए कहा कि देरी पाई जाने पर अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी कलेक्टर द्वारा एसआईआर की प्रगति की समीक्षा के दौरान विधानसभा वार जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य की गति और गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने कहा ड्राफ्ट रोल की तैयारी समय सीमा में पूरी होनी चाहिए.
किसानों को भुगतान में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर बालागुरू के ने कृषि उपज मंडियों में सोयाबीन खरीदी की प्रगति तथा भावांतर भुगतान की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने निर्देशित किया कि किसानों को अंतर की राशि का त्वरित भुगतान सुनिश्चित किया जाए. जिन किसानों के भुगतान किसी कारणवश फेल हुए हैं, उनके मामलों को प्राथमिकता से लेकर तुरंत सुधार कर भुगतान किया जाए.
