रामा में छात्र-छात्राओं को साइकिल एवं स्कूटी वितरण पर दिलाई नशामुक्ति की शपथ

झाबुआ। कैबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में आज रामा में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में साइकिल एवं स्कूटी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरानुसार मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री ने विद्यालय प्रांगण में उपस्थित छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा को सशक्त बनाना है। बेटियों को विद्यालय तक सुगम आवागमन की सुविधा मिले, इसके लिए साइकिल का लाभ दिया जा रहा है। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्कूटी प्रदाय की जा रही है, जिससे वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को पूरा कर सकें। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों में अपार प्रतिभा होती है, आवश्यकता है उन्हें अवसर और साधन उपलब्ध कराने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पढ़ाई-लिखाई ही जीवन को दिशा देती है और समाज व देश के निर्माण की आधारशिला होती है।

इस अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामा की कक्षा 6 एवं कक्षा 9 की छात्राओं को 75 साइकिलें वितरित की गई। साथ ही कु. आशा देवल एवं कु. पूजा पनदा को स्कूटी भेंट की गई। इसी प्रकार शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामा के 78 छात्र-छात्राओं को साइकिल और छात्र अजय रमेश मेड़ा को स्कूटी प्रदाय की गई। कार्यक्रम के उपरांत कैबिनेट मंत्री सुश्री भूरिया ने विद्यालय प्रांगण में उपस्थित सभी स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलवाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Next Post

भलमुडी स्वास्थ्य केंद्र में नेत्र शिविर संपन्न, 101 मरीजों की हुई जांच

Thu Sep 25 , 2025
राजनगर। नगर परिषद बनगांव वार्ड क्रमांक 15 स्थित भलमुडी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भारतीय जनता पार्टी मंडल राजनगर के तत्वावधान में नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मेडिकल ऑफिसर डॉ. सतीश शर्मा, बीएमओ डॉ. दीवान, डॉ. आलोक सुखसागर, रिचा सिंह, मधु सिंह सहित मेडिकल र्कॉलेज राजनगर की स्वास्थ्यकर्मी […]

You May Like