इंदौर: नए साल से पहले शहर में पब और क्लबों की मनमानी पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. विजयनगर इलाके में नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे एक क्लब पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की है. जांच के दौरान क्लब संचालक ने पुलिस को चकमा देने के लिए बाहरी शटर पर ताला लगा दिया, लेकिन पहले से निगरानी कर रही पुलिस ने निर्धारित समय बाद क्लब खुलवाकर सच्चाई सामने ला दी.
देर रात जब पुलिस टीम आरके क्लब की जांच के लिए पहुंची तो पुलिस को देखते ही संचालक ने नियमों के खिलाफ बाहरी शटर पर ताला लगा दिया और क्लब बंद होने की बात कही. हालांकि पुलिस पहले से ही गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी. तय समय के बाद क्लब खुलवाकर जब अंदर जांच की गई तो नियमों का उल्लंघन पाया. इस पर पुलिस ने क्लब संचालक मिथलेश कुमार और मैनेजर अमित कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कड़ी कार्रवाई की है. न्यू ईयर को लेकर शहर में लगातार चेकिंग जारी रहेगी.
पुलिस उपायुक्त जोन 2 कुमार प्रतीक ने बताया कि पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने न्यू ईयर पार्टियों को देखते हुए सभी क्लब, पब और बार संचालकों को सुप्रीम कोर्ट, कलेक्टर कार्यालय और पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार संचालन करने के निर्देश दिए थे, साथ ही साफ कहा था कि समझाइश के बाद भी नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
जिसके तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह और एसीपी विजयनगर राजकुमार सराफ के निर्देश पर थाना प्रभारी विजयनगर चंद्रकांत पटेल को अपने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाने के आदेश पर थाना क्षेत्र के लगातार क्लब, पब और रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर संचालकों को नियमों की जानकारी दे रही थी. इसमें ज्वलनशील पदार्थों के खुले उपयोग पर रोक, आगंतुकों की जांच, अवैध व धारदार हथियारों पर प्रतिबंध, अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन जैसे निर्देश शामिल थे
