सीएम आज सिवनी में 1857 करोड़ की राशि लाड़ली बहना योजना के खातों में ट्रांसफर करेंगे

सिवनी: आज सिवनी जिला मुख्यालय के पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में लाड़ली बहना योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री 30वीं किस्त के तहत प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1500-1500 रुपए की राशि, कुल 1857 करोड़ रुपए, सिंगल क्लिक के माध्यम से स्थानांतरित करेंगे। सिवनी जिले की 2 लाख 68 हजार 155 लाड़ली बहनें भी इस लाभ का हिस्सा होंगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ 560.75 करोड़ रुपए की लागत वाले 114 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन होंगे। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लाड़ली बहनें, प्रभुत्वजन और गणमान्य नागरिक भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम स्थल पर महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य, आजीविका मिशन, वित्त विभाग, जनजातीय कार्य विभाग सहित अन्य विभागों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। मंगलवार सुबह 7 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश शहर में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रायल लॉन से बीझावाड़ा रोड, डालडा फैक्ट्री रोड, सर्किट हाउस से बाहुबली चौक, बवरिया रोड और जेडी कॉलोनी क्षेत्र में यातायात का दबाव रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। बरघाट, केवलारी, कुरई, सुकतरा, लखनादौन, छपारा, बंडोल, लखनवाड़ा और कालीरात मार्ग से आने वाली बसें बीझावाड़ा रोड होकर पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में पार्क होंगी। कार्यक्रम में शामिल दोपहिया और चारपहिया वाहन रायल लॉन से न्यू लाइफ अस्पताल के पास बनाए गए पार्किंग स्थल में खड़े होंगे।

Next Post

कालिन्द्री सरोवर के आसपास दुकानें निर्माण व शहीद गेट की योजना से विहिप नाराज

Wed Nov 12 , 2025
ग्वालियर: नगर परिषद पिछोर ने कालिन्द्री सरोवर के आस.पास दुकानें निर्माण एवं मोहम्मद फारूक खां सैनिक के नाम से एक शहीद प्रवेश द्वार के निर्माण का निर्णय लिए था। आज नगर परिषद पिछोर कार्यालय में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती रामजानकी राजेश पण्डा के समक्ष विश्व हिन्दु परिषद, बजरंग दल तथा […]

You May Like