राजा मर्डर: प्रॉपर्टी ब्रोकर और ऑटो चालक गिरफ्तार, ट्रॉली बैग अब भी लापता

इंदौर। शिलांग में हुए बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में इंदौर से एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। मेघालय पुलिस की एसआईटी टीम ने बुधवार को महालक्ष्मी नगर के प्रॉपर्टी ब्रोकर सिलोम जेम्स को हिरासत में लिया है। सिलोम पर सोनम और राज की पिस्टल, नकदी और अन्य सामान गायब करने का आरोप है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार, हत्या के बाद सोनम व अन्य आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए फ्लैट से सामान हटाया गया था, जिसमें सिलोम की भूमिका सामने आई है। शक है कि उसने सबूत मिटाने में मदद की। अब एसआईटी उसे शिलांग ले जाकर मुख्य आरोपियों से आमना-सामना कराएगी।

इधर, पुलिस ने उस ऑटो चालक सुनील को भी पकड़ लिया है, जिसने हत्या के बाद एक ट्रॉली बैग को नंदबाग कॉलोनी से देवास नाका स्थित फ्लैट तक पहुंचाया था। पूछताछ में सामने आया है कि यह ऑटो चालक विशाल के कहने पर पहुंचा था और उसे इसके लिए 310 रुपए भुगतान किया गया था।

हालांकि, इस घटनाक्रम में सबसे महत्वपूर्ण ट्रॉली बैग अभी तक बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस का मानना है कि इस बैग में हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज या हथियार हो सकते हैं। इधर, बिल्डिंग के सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी जांच के घेरे में है। उस पर भी आरोपियों की मदद का संदेह है।

हत्याकांड से जुड़ा यह मामला अब इंदौर, भोपाल और शिलांग के बीच गहराई से जांच का विषय बन गया है। एसआईटी टीम की निगरानी में लगातार पूछताछ और गिरफ्तारियां जारी हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही ट्रॉली बैग भी मिल जाएगा, जिससे केस की तस्वीर और साफ हो सकेगी।

Next Post

गांजे की खेप के साथ दो पकड़ाए 

Sun Jun 22 , 2025
जबलपुर। क्राईम ब्रांच एवं कुण्डम, रांझी पुलिस ने मादक पदार्थ गांजा के अवैध करोबार में लिप्त एक 14 वर्षिय बालक एवं एक 30 वर्षिय व्यक्ति को गिरफ्तार कर 3 किलो 913 ग्राम गांजा कीमती लगभग 78 हजार रूपये का पकडा है। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like

मनोरंजन