जबलपुर: जलप्लावन से नागरिकों को राहत, गड्ढा मुक्त सड़कें और सौन्दर्यीकरण को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह ने निगम के अधिकारियों और यंत्रियों के साथ मैराथन बैठक की। इस बैठक में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, सड़कों के कायाकल्प और शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर कई बड़े और दूरगामी निर्णय लिए गए। महापौर ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।
बैठक में महापौर ने सड़कों के सौन्दर्यीकरण के साथ-साथ गोहलपुर पुलिया चैाड़ीकरण के कार्य बहुत आकर्षक सौन्दर्यीकरण के लिए 25 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान करने के साथ-साथ 15 जून से पार्षदों के अनुशंसा के अंतर्गत होने वाले कार्यो के लिए 30 लाख रूपये के कार्य की स्वीकृति भी दी।
3 दिन में शुरू होगा डामलीकरण
बैठक में महापौर ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों के पेंचवर्क और री-सरफेसिंग का कार्य आगामी 3 दिनों के भीतर तीव्रगति से शुरू कर दिया जाएगा। महापौर ने इस मौके पर सड़कों के सुदृढ़ीकरण को और विस्तार देते हुए 5 करोड़ रूपये की लागत के नए डामलीकरण कार्यों को मंजूरी दी।साथ ही उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारों और फुटपाथों को व्यवस्थित करने के लिए स्वीकृत 5 करोड़ रूपये के पेवर ब्लॉक संबंधी कार्यों को अगले 7 दिनों में अनिवार्य रूप से प्रारंभ करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
सितंबर तक होगा पूरा होगा गोहलपुर पुलिया का काम
यातायात के दबाव को कम करने और क्षेत्र के व्यवस्थित विकास के लिए गोहलपुर पुलिया परियोजना को गति दी गई है। महापौर ने निर्देश दिए कि गोहलपुर पुलिया के चैाड़ीकरण का कार्य सितंबर माह तक पूर्ण कर लिया जाए। पुलिया निर्माण के साथ-साथ क्षेत्र के परिवेश को आकर्षक बनाने के लिए 25 लाख की अतिरिक्त लागत से ब्यूटिफिकेशन के कार्य कराए जाएंगे, जिससे यह क्षेत्र साफ-सुथरा और सुंदर नजर आए।
पार्षद अनुशंसा के 30-30 लाख के कार्य की स्वीकृति
महापौर ने आगामी 15 जून से पार्षदों की अनुशंसा पर किए जाने वाले 30-30 लाख रूपये तक के विकास कार्यों को शुरू करने की हरी झंडी दे दी है। इससे वार्ड स्तर पर नालियों, आंतरिक सड़कों और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े स्थानीय कार्य तेजी से पूरे हो सकेंगे। बैठक में एम.आई.सी. सदस्य एवं विभाग प्रभारी विवेक राम सोनकर, अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा एवं शैलेन्द्र कौरव सहित सभी संभागीय यंत्री और सहायक यंत्री मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
