
नर्मदापुरम। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड नर्मदापुरम के शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला एसपीएम में बुधवार, 20 अगस्त को इंटरएक्टिव डिजिटल शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मुस्कान ड्रीम्स प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों को गणित और विज्ञान विषय की पढ़ाई डिजिटल माध्यम से कराने की पहल की गई।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि इंटरएक्टिव पैनल और प्रोजेक्टर की मदद से विद्यार्थियों को कठिन विषय भी कंटेंट आधारित शिक्षण पद्धति से सरलता से समझाए जाएंगे। राज्य शिक्षा केंद्र इस ऑनलाइन शिक्षण की निगरानी और रिकॉर्डिंग करेगा। डीपीसी राजेश जायसवाल के निर्देशन में संभाग प्रभारी मुदित पाठक ने प्रशिक्षण दिया।
बीआरसी सपना गोलहानी, जनशिक्षक के.एस. वाडिवा सहित जिले के चयनित शालाओं के शिक्षक इसमें शामिल हुए। जनशिक्षक वाडिवा ने बताया कि विद्यार्थी अपने एंड्रॉयड मोबाइल से घर बैठे भी डिजिटल शिक्षा का लाभ उठा सकेंगे, वहीं विद्यालयों में शिक्षक पेन ड्राइव के माध्यम से अध्ययन कराएंगे। इस पहल से छात्रों को गणित और विज्ञान विषय की गहरी समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।
