ग्वालियर: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय एवं राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के द्वारा पुराना हाई कोर्ट लाईन स्थित संगम भवन केंद्र पर आज विश्व पृथ्वी दिवस पर हमारी शक्ति हमारा ग्रह थीम के अंतर्गत जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्रह्माकुमारीज स्थानीय केंद्र प्रमुख राजयोगिनी बीके आदर्श दीदी, कृषि महाविद्यालय से रिटायर्ड प्रोफेसर आर एस वर्मा, साईं लीला सेवा संस्था की फाउंडर श्रीमती नीतू गुप्ता, प्रेरक वक्ता बीके प्रहलाद भाई, बीनू मकरानी, जया लोकवानी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम के शुभारंभ में बीके प्रहलाद ने विश्व पृथ्वी दिवस पर धरती माँ को प्रणाम करते हुए सभी को इस दिवस पर शुभकामनाएं दीं और इस वर्ष की थीम हमारी शक्ति हमारा ग्रह पर प्रकाश डाला तथा कहा कि धरती जीवन का मुख्य आधार है, इसलिए हम सभी को संकल्प लेंना चाहिए कि पृथ्वी को स्वच्छ, सुंदर एवं हरा-भरा बनाए रखने हेतु अधिक से अधिक वृक्षारोपण करेंगे और पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा पर्यावरण को सुरक्षित रखेंगे। धरती माँ जीने के लिए हर न्यूनतम आवश्यकताओं को पूरा करती है। इसलिए हमें धरती माँ का सम्मान करते हुए उसको अच्छा, स्वच्छ बनाए रखने में सदैव आगे रहना चाहिए।
