
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा सत्र 2023-24 एवं 2024-25 का वार्षिक पुरस्कार समारोह ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में आयोजित हुआ। इस अवसर पर नर्मदापुरम क्रिकेट एसोसिएशन को दो प्रमुख प्रतियोगिताओं में विजेता बनने पर सम्मानित किया गया।
नर्मदापुरम टीम ने एम. वाय. मेमोरियल ट्रॉफी (सीनियर वर्ग) और परमानंद ट्रॉफी (अंडर-22 वर्ग) पर कब्जा जमाया। दोनों प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को क्रमशः 5 लाख 95 हजार और 5 लाख 18 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।
समारोह में नर्मदापुरम क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव अनुराग मिश्रा को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। एसोसिएशन ने इस वर्ष दो खिताब जीतने के साथ एक प्रतियोगिता में उपविजेता बनकर अपनी श्रेष्ठता का परिचय दिया।
नर्मदापुरम संभाग लगातार नई प्रतिभाओं को तैयार कर रहा है। एसोसिएशन का लक्ष्य है कि आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी आईपीएल और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी प्रतिनिधित्व करें।
इस उपलब्धि पर अध्यक्ष कपिल फौजदार, चेयरमैन रोहित फौजदार सहित उपाध्यक्ष और पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी एवं मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ के प्रति आभार व्यक्त किया।
