हैदराबाद | राम चरण की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त धूम मचा दी है। पूरे भारत में पांच भाषाओं में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से भरपूर प्यार मिल रहा है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने शाम 5 बजे तक ही 25.62 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन पार कर लिया है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 52 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।
नए रिकॉर्ड की दहलीज पर फिल्म
‘आरआरआर’ के बाद राम चरण के लिए ‘पेद्दी’ एक बेहद महत्वपूर्ण फिल्म साबित हो रही है। बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित यह फिल्म जिस रफ्तार से आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह राम चरण के करियर की सबसे बड़ी ओपनर बन सकती है। फिल्म का तेलुगू वर्शन आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के क्षेत्रों में दर्शकों के बीच भारी उत्साह पैदा कर रहा है।
कहानी और सितारों का जादू
फिल्म की कहानी एक ऐसे जिंदादिल शख्स ‘पेद्दी’ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो विभिन्न खेलों के जरिए अपने गांव की इज्जत बचाने और रेल कनेक्टिविटी हासिल करने के लिए संघर्ष करता है। राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, बोमन ईरानी और जगपति बाबू जैसे दिग्गज कलाकार फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में हैं। अपनी भव्यता और भावनात्मक कहानी के दम पर ‘पेद्दी’ अब दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये की ओपनिंग के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है।

