
मुंबई, 04 सितंबर (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 28 अगस्त को समाप्त सप्ताह में नया रिकॉर्ड बनाता हुआ पहली बार 740 अरब डॉलर के पार पहुंच गया। रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 11.475 अरब डॉलर बढ़कर 740.803 अरब डॉलर हो गया। यह लगातार नौवां सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा का देश का भंडार बढ़ा है। इस दौरान इसमें 73.87 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गयी है।
आरबीआई ने बताया कि 28 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 9.337 अरब डॉलर उछलकर 600.67 अरब डॉलर पर पहुंच गया। अक्टूबर 2024 के बाद 22 महीने में पहली बार यह 600 अरब डॉलर के स्तर को छूने में कामयाब रहा है। विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में अमेरिकी डॉलर के साथ जापानी येन, ब्रितानी पाउंड और यूरो भी शामिल हैं। इनके मूल्य का आंकलन डॉलर की तुलना में इनकी संदर्भ दर के आधार पर किया जाता है। आलोच्य सप्ताह में देश का स्वर्ण भंडार 2.191 अरब डॉलर बढ़कर 116.409 अरब डॉलर रहा। यह इस साल 15 मई के बाद का उच्चतम स्तर है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि और विशेष आहरण अधिकार क्रमशः 1.1 करोड़ डॉलर और 4.3 करोड़ डॉलर घटकर क्रमशः 4.914 अरब डॉलर और 18.81 अरब डॉलर रह गया।
