भोपाल: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी में पौधरोपण कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया गया। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल तथा मुख्य सचिव अनुराग जैन ने अलग-अलग स्थानों पर पौधे रोपकर लोगों से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जेपी अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। वहीं मंत्रालय वल्लभ भवन परिसर में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत नीम का पौधा रोपा। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और भावी पीढ़ियों के लिए हरित विरासत छोड़ने के उद्देश्य से अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
