हाईवे पर हुई लूट का खुलासा, दो शातिर बदमाशों को पकड़ा

इंदौर: गत 30 मार्च की मध्य रात्रि किशनगंज थाना क्षेत्र में राजपूत ढाबा, ग्राम पिगडम्बर पर फोर्चुनर कार से आए रोहन और उनके साथियों से दो शातिर अपराधियों ने सोने की चेन और नकदी लूट ली थी. किशनगंज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष एसआईटी का गठन किया और आरोपियों को अजमेर रेलवे स्टेशन से पकड़कर इंदौर ले आए.
एसपी ग्रामीण यांगचेन भूटिया ने बताया कि रात करीब 3 से 3.30 बजे के बीच रोहन अपने दोस्तों के साथ रेडिसन होटल इंदौर की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी कार का टायर पंचर हो गया. तभी एक बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार आई और उसमें से उतरे दो आरोपियों ने लोहे की रॉड से धमकाकर रोहन के गले में पहनी सोने की चेन और नकदी लूट ली. फरियादी ने पीछा किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए. पुलिस ने तुरंत एसआईटी का गठन कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी डेटा और मुखबिर तंत्र का उपयोग कर आरोपियों की तलाश शुरू की.
मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम अजमेर रवाना हुई और रेलवे स्टेशन के बाहर दोनों आरोपियों को पकड़ कर किशनगंज थाने लाया गया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया. गिरफ्तार आरोपियों में रितेश राठौड़ 30 साल, निवासी 47 पालदा, तेजाजी चौक, थाना भंवरकुआ, इंदौर और प्रभु सिंह भाटी 26 साल, ग्राम विदासर, जिला चुरु राजस्थान, हाल मुकाम 254/4 नेहरू नगर, थाना एमआईजी, इंदौर शामिल हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि रितेश राठौड़ पर मारपीट, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत 16 अपराध दर्ज हैं, जबकि प्रभु सिंह भाटी के खिलाफ वाहन चोरी के 10 मामले दर्ज हैं.

कार, चेन, नकदी, मोबाइल सहित 31 लाख 68 हजार रुपए की जप्ती
इस कार्रवाई में पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार, लोहे की रॉड, लगभग 100 ग्राम की सोने की चेन, नकदी 5 लाख 76 हजार रुपए और पांच मोबाइल फोन जप्त किए. कुल जप्ती की राशि लगभग 31 लाख 68 हजार रुपए है. किशनगंज पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक अमित कुमार, निरीक्षक कुलदीप खत्री, निरीक्षक महेन्द्र मकाश्रे सहित अन्य अधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी पहले से ही गंभीर अपराधों में संलिप्त हैं. पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है

Next Post

हाईकोर्ट के स्टे के बाद कपूर त्रिपाठी ने फिर संभाली मोरवा थाने की कमान, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह जियावन लौटे

Sun Apr 5 , 2026
सिंगरौली: मोरवा थाना प्रभारी के स्थानांतरण मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से स्टे मिलने के बाद शनिवार रात करीब 9 बजे निरीक्षक कपूर त्रिपाठी ने दोबारा मोरवा थाने का प्रभार ग्रहण कर लिया।गौरतलब है कि हाईकोर्ट के आदेश में स्पष्ट किया गया था कि कपूर त्रिपाठी को उसी स्थान पर कार्य […]

You May Like